ट्रेडिंग या निवेश की दुनिया में नए लोगों को चार्ट समझना अक्सर मुश्किल लग सकता है। कुछ लोग अपने अंदाज़े के आधार पर निवेश के फैसले लेते हैं। तेज़ी वाले बाज़ार में यह तरीका कुछ समय तक काम कर जाए, लेकिन लंबे समय में इसकी कामयाबी पर भरोसा करना मुश्किल है।
असल में, ट्रेडिंग और निवेश—दोनों में संभावनाओं को समझना और जोखिम का सही प्रबंधन करना अहम है। इसलिए, लगभग हर तरह की निवेश रणनीति में कैंडलस्टिक चार्ट पढ़ना सीखना बेहद काम आता है। इस लेख में हम कैंडलस्टिक चार्ट को आसान भाषा में समझेंगे और बताएँगे कि इन्हें कैसे पढ़ा जाए।
कैंडलस्टिक चार्ट क्या होता है?
कैंडलस्टिक चार्ट वित्तीय चार्ट का एक प्रकार है, जो तय समयावधि में किसी परिसंपत्ति की कीमत में हुए बदलाव दिखाता है। इसमें हर कैंडल एक समान अवधि को दर्शाती है। इन चार्टों में कुछ सेकंड से लेकर कई साल तक की अवधि दिखाई जा सकती है।

कैंडलस्टिक चार्ट की शुरुआत 17वीं सदी में हुई थी। इसे चार्ट के रूप में विकसित करने का श्रेय अक्सर जापानी चावल व्यापारी होम्मा को दिया जाता है। होम्मा के विचार ही आज के कैंडलस्टिक चार्ट की बुनियाद बने। बाद में चार्ल्स डाउ जैसे प्रभावशाली लोगों ने इसे और विकसित किया। डाउ आधुनिक तकनीकी विश्लेषण के प्रमुख योगदानकर्ताओं में से एक थे।
कैंडलस्टिक चार्ट का इस्तेमाल कई तरह के आँकड़ों के विश्लेषण में किया जा सकता है, लेकिन इनका सबसे ज़्यादा उपयोग वित्तीय बाज़ारों को समझने में होता है। सही ढंग से इस्तेमाल किए जाएँ, तो ये कारोबारियों को कीमतों की संभावित दिशा का आकलन करने में मददगार साबित होते हैं। इनके सहारे कारोबारी और निवेशक बाज़ार का विश्लेषण करके अपनी राय भी बना सकते हैं।
कैंडलस्टिक चार्ट कैसे काम करते हैं?
हर कैंडल बनाने के लिए कीमत के ये चार अहम बिंदु ज़रूरी होते हैं:
- शुरुआती कीमत (ओपन) — तय समयावधि में परिसंपत्ति की दर्ज की गई पहली कारोबारी कीमत।
- सबसे ऊँची कीमत (हाई) — तय समयावधि में परिसंपत्ति की दर्ज की गई सबसे ऊँची कारोबारी कीमत।
- सबसे निचली कीमत (लो) — तय समयावधि में परिसंपत्ति की दर्ज की गई सबसे कम कारोबारी कीमत।
- समापन कीमत (क्लोज़) — उस अवधि में दर्ज की गई परिसंपत्ति की आखिरी कारोबारी कीमत।

इन आँकड़ों को OHLC कहते हैं—यानी ओपन, हाई, लो और क्लोज़। कैंडल का आकार इन चारों कीमतों के आपसी संबंध पर निर्भर करता है।
ओपन और क्लोज़ के बीच का हिस्सा कैंडल का शरीर होता है, जबकि शरीर से हाई और लो तक फैली रेखाओं को विक (बत्ती) या शैडो कहते हैं।
कैंडलस्टिक चार्ट कैसे पढ़ें
बार और लाइन चार्ट जैसी ही जानकारी देने के बावजूद, कई कारोबारी कैंडलस्टिक चार्ट को इसलिए पसंद करते हैं क्योंकि इन्हें समझना आसान है। ये कीमतों की चाल को साफ़ तौर पर दिखाते हैं और एक नज़र में पढ़े जा सकते हैं।
व्यावहारिक तौर पर, हर कैंडल तय समयावधि में तेज़ी और मंदी के पक्षों के बीच चल रही खींचतान को दिखाती है। आम तौर पर, कैंडल का लंबा शरीर उस अवधि में खरीद या बिक्री के ज़ोर को दर्शाता है। छोटी बत्तियाँ बताती हैं कि उस अवधि का हाई या लो, क्लोज़ कीमत के काफ़ी करीब है।
चार्ट के रंग और बनावट अलग-अलग प्लेटफ़ॉर्म पर बदल सकते हैं। फिर भी, आम तौर पर हरे शरीर का मतलब होता है कि क्लोज़ कीमत, ओपन से ऊपर रही। लाल शरीर बताता है कि कीमत नीचे गई और क्लोज़, ओपन से कम रहा।
कुछ लोग काले-सफ़ेद रंगों वाला एकरंगी चार्ट पसंद करते हैं। इसमें ऊपर जाती कीमत को खोखली कैंडल से और नीचे जाती कीमत को काली कैंडल से दिखाया जाता है।
कैंडलस्टिक चार्ट क्या नहीं दिखाते
कैंडलस्टिक विश्लेषण से कीमतों की चाल की मोटी तस्वीर तो मिल जाती है, लेकिन बाज़ार की गतिविधियों की पूरी पड़ताल नहीं हो पाती। इसकी एक सीमा यह है कि कैंडल शुरुआती और समापन कीमत के बीच का फ़र्क तो दिखाती है, पर उस समय के दौरान क्या-क्या हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं देती।
यानी, ओपन और क्लोज़ के बीच घटनाएँ किस क्रम में हुईं, यह कैंडल से पता नहीं चलता। कैंडल की बत्तियाँ उस अवधि का हाई और लो ज़रूर दिखाती हैं, लेकिन यह नहीं बतातीं कि इनमें से कौन-सी कीमत पहले बनी। हालाँकि, ज़्यादातर चार्टिंग टूल में समयावधि बदली जा सकती है, जिससे कारोबारी छोटी अवधि का डेटा देखकर ज़्यादा बारीकी से विश्लेषण कर सकते हैं।
इसके अलावा, खासकर छोटी समयावधियों में, कैंडलस्टिक चार्ट में बाज़ार का बहुत-सा शोर दिख सकता है और विश्लेषण जटिल हो जाता है। कैंडल की बनावट तेज़ी से बदलती रहती है, इसलिए उनके संकेत समझना कारोबारियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
हाइकिन-आशी कैंडलस्टिक
अब तक हमने जापानी कैंडलस्टिक चार्ट पर चर्चा की। लेकिन यह जानना भी ज़रूरी है कि कैंडल बनाने के कई तरीके हैं। इनमें से एक है हाइकिन-आशी तकनीक।
जापानी भाषा में “हाइकिन-आशी” का अर्थ है “औसत बार”। इस तरीके में कैंडलस्टिक चार्ट बनाने के लिए औसत कीमतों पर आधारित बदला हुआ फ़ॉर्मूला इस्तेमाल होता है। इसका मकसद कीमतों की हलचल को सहज बनाना और बाज़ार के शोर को कम करना है, ताकि रुझान, कीमतों के पैटर्न और संभावित पलटाव को पहचानना आसान हो।
गलत संकेतों का असर घटाने और बाज़ार के रुझान पहचानने की संभावना बढ़ाने के लिए कारोबारी अक्सर हाइकिन-आशी कैंडलों के साथ जापानी कैंडलस्टिक का भी इस्तेमाल करते हैं। नीचे की बत्ती के बिना हरी हाइकिन-आशी कैंडल मज़बूत तेज़ी का संकेत देती है, जबकि ऊपर की बत्ती के बिना लाल कैंडल तेज़ मंदी बताती है।
हाइकिन-आशी कैंडलस्टिक एक असरदार औज़ार हो सकती हैं, लेकिन तकनीकी विश्लेषण के दूसरे तरीकों की तरह इनकी भी सीमाएँ हैं। ये औसत कीमतों पर आधारित होती हैं, इसलिए पैटर्न बनने में ज़्यादा समय लग सकता है। साथ ही, ये कीमतों के बीच के अंतर को नहीं दिखातीं और कीमतों से जुड़ी दूसरी ज़रूरी जानकारी छिपा सकती हैं।
निष्कर्ष
कैंडलस्टिक चार्ट कारोबारियों और निवेशकों के लिए बेहद अहम औज़ार हैं और बाज़ार विश्लेषण की बुनियाद बन सकते हैं। किसी परिसंपत्ति की कीमतों की चाल को चित्रों के ज़रिए दिखाने के साथ-साथ, ये अलग-अलग समयावधियों के आँकड़ों की पड़ताल करने की सुविधा भी देते हैं।
कैंडलस्टिक चार्ट और पैटर्न का गहराई से अध्ययन, विश्लेषण की समझ और लगातार अभ्यास कारोबारियों को बाज़ार में बढ़त दिला सकता है। फिर भी, ज़्यादातर कारोबारी और निवेशक मानते हैं कि दूसरे तरीकों को भी ध्यान में रखना ज़रूरी है—इनमें बुनियादी विश्लेषण तो बेहद अहम है।










